भारत की दीप्ति जीवनजी ने रचा इतिहास

पैरा विश्व चैंपियनशिप में देश को दिलाया पहला ट्रैक गोल्ड मेडल, कटाया पेरिस का टिकट

Pratahkal    21-May-2024
Total Views |
Deepti Jeevanji created history
 
नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत की दीप्ति जीवनजी (Deepti Jeevanji) ने जापान के कोबे में सोमवार को विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप (Para Athletics World Championships) में महिलाओं की 400 मीटर रेस में 55.07 सेकंड के विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। दीप्ति जीवनजी ने इसके साथ ही पेरिस में ओलंपिक के बाद होने वाले पैरालंपिक खेलों के लिए भी कोटा हासिल किया। पैरा विश्व चैंपियनशिप को ट्रैक स्पर्धा में भारत के किसी एथलीट ने पहली बार गोल्ड मेडल जीता है।
 
दीप्ति जीवनजी ने अमेरिका की ब्रियाना क्लार्क का 55.12 सेकंड का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा। ब्रियाना क्लार्क ने पिछले साल पेरिस में 55.12 सेकंड का समय निकाला था। तुर्की की एसिल ऑर्डर 55.19 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि एक्वाडोर की लिजांशेला एंगुलो 56.68 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इससे पहले दीप्ति जीवनजी ने रविवार को 56.18 सेकेंड (होट रेस) के समय के साथ नया एशियाई रिकॉर्ड बनाते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया और पेरिस 2024 पैरालंपिक कोटा हासिल किया। टी20 वर्ग की रेस बौद्धिक रूप से अक्षम खिलाड़ियों के लिए है।
 
एशियन पैरा गेम्स में भी जीता था गोल्ड
दीप्ति जीवनजी ने एशियन पैरा गेम्स 2023 में महिलाओं को 400 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक (56.69 सेकंड) जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। तब उन्होंने थाइलैंड की ओरावन कैसिंग को पछाड़कर शीर्ष पोडियम स्थान हासिल किया था। ओरावन कैसिंग ने 59.00 सेकेंड का अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकाला था, फिर भी उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा था।
 
योगेश कधुनिया ने पुरुषों के एफ 56 वर्ग चक्का फेंक में 41.80 मीटर के साथ रजत पदक जीता। एफ56 श्रेणी उन एथलीट्स के लिए है जो मैदानी स्पर्धाओं में बैठकर प्रतिस्पर्धा करते हैं। इस वर्ग में विभिन्न एथलीट प्रतिस्पर्धा करते हैं, जिनमें अंग-विच्छेदन और रीढ़ की हड्डी की चोट वाले लोग भी शामिल हैं।
 
भारत ने जीते अब तक 4 पदक
इससे पहले पैरा एथलेटिक्स विश्व चैंपियनशिप 2024 में भारत की प्रीति पाल ने महिलाओं की 200 मीटर टी35 श्रेणी में कांस्य पदक जीता। भारत ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में अब तक एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं। विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पिछले संस्करण में भारत ने 3 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य समेत रिकॉर्ड 10 पदक जीते थे। विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 25 मई तक चलेगी।