महादेव सट्टेबाजी ऐप केस में साहिल खान की बढ़ी मुसीबत

1 मई तक पुलिस हिरासत में

Pratahkal    29-Apr-2024
Total Views |
Mahadev betting app case
 
मुंबई। महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले (Mahadev Betting App Case) में मुंबई पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। एक्टर साहिल खान (Actor Sahil Khan) को मुंबई पुलिस एसआईटी ने हिरासत में लिया है। रविवार को पूछताछ के लिए छत्तीसगढ़ से मुंबई लाया गया है। दरअसल, एक्टर खान द लायन बुक ऐप नाम के एक सट्टेबाजी ऐप से जुड़े हुए थे, जो महादेव सट्टेबाजी नेटवर्क का भी हिस्सा है। साहिल खान को कोर्ट में पेश किया गया, जिसमें उसे 1 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तारी के बाद खान ने सुरक्षा अधिकारियों की सुरक्षा में पत्रकारों से कहा, 'मैं देश की न्यायपालिका में विश्वास करता हूं।'मुंबई पुलिस ने चल रही कानूनी कार्यवाही के तहत एक्टर साहिल खान का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है।
 
40 घंटों तक अधिकारियों से बचता रहा
खान को शनिवार को छत्तीसगढ़ से पकड़ा गया था, जहां वह कथित तौर पर लगभग 40 घंटों तक अधिकारियों से बचता रहा था। गिरफ्तारी से पहले साहिल ने जमानत के लिए अर्जी डाली थी जिसे बॉम्बे हाई कोर्ट ने खारिज कर दी। बता दें कि खान मुंबई से भाग गया था और अधिकारियों से बचने के लिए लगातार अपना स्थान बदल रहा था। अभिनेता पर सट्टेबाजी साइट चलाने और अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप है। उनका नाम मुंबई में माटुंगा पुलिस द्वारा महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले की जांच के दौरान सामने आया था।
 
छत्तीसगढ़ से किया गया ट्रैक
मुंबई क्राइम ब्रांच की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने साहिल खान को छत्तीसगढ़ में ट्रैक किया, जहां बाद में उसे पकड़ लिया गया। मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने खुलासा किया कि साहिल खान पूछताछ प्रक्रिया में सहयोग नहीं कर रहा था। शुरुआत में मुंबई के माटुंगा पुलिस स्टेशन में दर्ज इस मामले में खान सहित 38 से अधिक लोग सट्टेबाजी घोटाले में फंसे हुए हैं। एफआईआर में शामिल लोगों में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई मुस्तकीम, सौरभ चंद्राकर, रवि उपल, शुभम सोनी और कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि मुख्य आरोपी रवि उप्पल को पिछले साल स्थानीय अधिकारियों ने दुबई में हिरासत में लिया था। सूत्रों के मुताबिक, ईडी के आदेश पर इंटरपोल द्वारा जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर दुबई पुलिस ने गिरफ्तारी की थी।