भायंदर के जूलर से 63 लाख की ठगी

पुणे के दंपत्ति के खिलाफ मामला दर्ज

Pratahkal    22-Apr-2024
Total Views |
gold 
 
मुंबई। भायंदर (Bhayandar) में एक जूलर का भरोसा हासिल कर उसे 63 लाख रुपये की ठगी (fraud) का शिकार बनाये जाने की घटना उजागर हुई है। इस मामले में जूलर जैन की शिकायत पर नवघर पुलिस ने पुणे के विनोद और अश्विनी कुलकर्णी नामक दंपत्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
 
भायंदर पूर्व के नवघर रोड पर दीपक किशनलाल जैन की श्रीराम ज्वेलर्स (Shriram Jewelers) नाम से जूलरी शॉप है। नवंबर 2023 में जैन ने अपने फेसबुक (Facebook) पर स्टार जूलरी (Star Jewelery) इंडिया कंपनी के नाम से सोने की चेन होलसेल भाव में बेचने के लिये विज्ञापन प्रकाशित किया था। जैन का मुंबई के जवेरी बाजार में धनजी स्ट्रीट पर अपना कारोबारी दफ्तर भी है।
 
विज्ञापन के जवाब में दिसंबर 2023 में विनोद कुलकर्णी नामक शख्स ने जैन से संपर्क कर कारोबारी पूछताछ की थी। कुलकर्णी ने बताया था कि पुणे के लोणी – कालभोर स्थित नेहरू चौक में लक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से उसकी कुल पांच दुकानें हैं। इसके बाद कुलकर्णी श्रीराम ज्वेलर्स की दुकान में आलीशान कार से पहुंचा था। पहले दौरे में उसने सोने की 17 चेन होलसेल भाव में खरीदीं और पांच लाख रुपये जैन को अदा किये थे।
 
3 फरवरी को कुलकर्णी ने जैन की दुकान से 1 किलो वजन के चेन खरीदी थी। इसका बिल 62 लाख 45 हजार रुपये था। दो से तीन दिन में बिल की रकम अदा करने की बात कहते हुये कुलकर्णी सोने की चेन्स लेकर चला गया था। 7 फरवरी को जैन ने कुलकर्णी को फोन किया तो उसने चेन या रकम अदा करने की बात कही। लेकिन इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया था। जैन ने पुणे में अपने चचेरे भाई प्रियांक परमार को कुलकर्णी के लक्ष्मी ज्वेलर्स में भेजा तो वहां दुकान में उसकी पत्नी अश्विनी कुलकर्णी और अन्य कर्मचारी थे। उन्होंने बताया कि विनोद आंध्र प्रदेश गया है और वहां से लौटने के बाद हफ्तेभर में पैसे या चेन वापस मिल जायेंगे। 29 फरवरी को परमार फिर दुकान पर पहुंचा तो दुकान बंद था और कुलकर्णी का नंबर भी बंद आ रहा था। परमार ने जब इलाके में कुलकर्णी के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि उन्होंने अनेक लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। इसके बाद जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपी दंपत्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।