सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग, विश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

Pratahkal    15-Apr-2024
Total Views |
Firing outside Salman Khan's house
 
मुंबई। सलमान खान के मुबई स्थित घर के बाहर रविवार तड़के अंधाधुंध गोलीबारी की गई। इस दौरान सलमान घर के अंदर मौजूद थे। इस घटना के बाद सलमान खान के फैंस उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए है। सलमान खान को पिछले कई महीनों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
 
मिली जानकारी के मुताबिक, बांद्रा इलाके में स्थित सलमान खान के घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने छह राउंड फायरिंग की। गनीमत रही कि फायरिंग में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। लेकिन घर के दीवार पर गोलियों के निशान पाए गए हैं। यहां तक की सलमान के घर की बालकनी में जो जाली लगी है उसके पार भी एक गोली गई। उस गोली का शेल सलमान के घर के अंदर से पुलिस ने बरामद किया है।
 
मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए 15 से 20 टीमें बनाई हैं। इस बीच, पुलिस को उन अज्ञात हमलावरों की बाइक भी मिल गई है, जिन्होंने सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी की थी। फोरेंसिक टीम द्वारा बाइक की जांच की जा रही है।
सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग को लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा अंजाम दिए जाने का संदेह है। अब इस फायरिंग की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये ली गई है। कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के भाई ने गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है।
 
इस बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी शेयर किया गया है। जिसमें सलमान खान को चेतावनी दी गई है। अनमोल बिश्नोई नाम के फेसबुक अकाउंट से सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में कहा गया है, “जुल्म के खिलाफ फैसला अगर जंग से हो तो जंग ही सही। सलमान खान हमने यह तुम्हें ट्रेलर दिखाने के लिए किया है। ताकि तुम हमारी ताकत को समझ जाओ और हमारी ताकत को मत परखो यह पहली और आखरी वार्निंग है। इसके बाद गोलियां खाली घर पर नहीं चलेगी...” हालांकि अभी अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टी नहीं हुई है कि सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने यह पोस्ट शेयर किया है।
 
सीएम शिंदे का बड़ा बयान, कही ये बात
सलमान खान के आवास के बाहर फायरिंग की घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को पकड़ा जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार सलमान खान के साथ है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। आरोपियों को पकड़ा जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कानून को अपने हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मुंबई पुलिस कमिश्नर को सलमान खान और उनके पूरे परिवार की सुरक्षा बढ़ाने के लिए सूचित किया गया है। मैंने सलमान खान से भी बात की है, सरकार उनके साथ है और उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है।
 
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम हमलावरों की तलाश युद्ध स्तर पर कर रही है। क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त लख्मी गौतम और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक समेत मुंबई पुलिस के अधिकारियों की एक टीम सलमान के घर के बाहर पहुंची।एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक ने अब तक कई अपराधियों को हवालात पहुंचाया है। छोटे-मोटे अपराधी ही नहीं बल्कि अंडरवर्ल्ड के बड़े नाम भी नायक से डरते है। वह अब तक 80 से ज्यादा एनकाउंटर कर चुके है।
 
राज ठाकरे सलमान खान से मिलने पहुंचे
सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग के पीछे लोरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है और इस हमले की जिम्मेदारी लोरेंस बिश्नोई के भाई ने भी ली है। वहीं अब इस मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र एटीएस भी जांच में जुट गई है। महाराष्ट्र एटीएस की टीम भी फायरिंग करने के पीछे कौन है इसकी जांच में जुट गई है। इसी बीच हमलावरों की तस्वीर भाई सामने आई हैं, जिसमें से एक युवक हरियाणा के गुरुग्राम का बताया जा रहा है।