नकली स्वर्णाभूषण थमाकर तीस लाख की ठगी के आरोपी गिरफ्तार

Pratahkal    02-Feb-2023
Total Views |
 
fake gold jewelery
 
मुंबई : नकली स्वर्णाभूषण (Fake Gold Jewelery) देकर दक्षिण मुंबई के एक बुजुर्ग नागरिक से ठगी के मामले में पुलिस ने मेरठ के एक गिरोह से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ६३ साल की महिला भी शामिल है। आरोपियों की पहचान जीवीदेवी परमार, मणीलाल परमार, विनय परमार और विजयकुमार रे के तौर पर की गई है।
 
मिली जानकारी के मुताबिक, गिरोह ने पीड़ित बुजुर्ग से संपर्क कर उन्हें बताया था कि आरोपी जीवीदेवी को उसके सूरत के घर के पिछवाडे की जमीन में गड़ा सोना मिला है जिसे वो बेचना चाहते हैं। आरोपियों ने शिकायतकर्ता बुजुर्ग से इस सोने को बिकवाने में मदद मांगी थी और उसके बदले में उन्हें मोटा कमिशन देने का प्रस्ताव भी दिया था। कस्तूरबा मार्ग पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक ओम तोतावर ने इस बाबत अधिक जानकारी देते हुये बताया कि भूलेश्वर निवासी ६३ वर्षीय नरेश कुमार जैन दिसंबर में चर्नीरोड स्टेशन पर अपनी पत्नी के साथ खड़े थे तभी एक समूह उनके पास आया। आरोपियों में से एक परमार ने जैन को पांच ग्राम सोना दिखाते हुये बताया कि उनके पास इससे ज्यादा सोना है जिसे वो बेचना चाहते हैं।
 
परमार ने बताया कि जीवीदेवी नामक महिला जो सूरत में रहती है उसे घर के पिछवाडे में जमीन में गड़ा हुआ सोना मिला है और यह पांच ग्राम सोना उसी का एक हिस्सा है। परमार ने जैन से इस सोने को बेचने में मदद मांगी। जैन ने इन लोगों की बात पर भरोसा कर लिया। चूंकि आरोपियों के समूह में एक बुजुर्ग महिला भी शामिल थी, लिहाजा जैन ने जल्दी भरोसा भी कर लिया। तीन दिन बाद इन चार आरोपियों ने जैन को एक जूलरी से भरा बैग देते हुये उन्हें यह तीस लाख रुपये कीमत का सोना बेचने को कहा और इसमें से दस लाख रुपये बतौर कमिशन अपने पास रखकर बीस लाख रुपये लौटाने की बात कही। हालांकि इसके साथ ही, आरोपियों ने तीस लाख रुपये जैन से सिक्युरिटी के तौर पर ले लिये। जैन जब जूलरी स्टोर पहुंचे तो पता चला कि यह सारी जूलरी नकली है।