गांव-कस्बों में खुल रहे महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम सरकारी विद्यालय

शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की अभिनव पहल

Pratahkal    01-Feb-2023
Total Views |
 
Mahatma Gandhi English Medium School
 
जयपुर (का.सं.) : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा (Education) से वंचित ना रहे इसी उद्देश्य से राजस्थान (Rajasthan) में सत्र 2022-23 में अब तक एक हजार 700 से अधिक महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम विद्यालय खोले जा चुके हैं। जिनमें 3.50 लाख से ज्यादा बच्चे अध्ययन कर रहे हैं। बढ़ती महंगाई के दौर में जहाँ हिंदी व अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा भी महंगी होती जा रही है, वहाँ माता-पिता का अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में दाखिला कराने का सपना अब राज्य सरकार की अभिनव पहल पर साकार हो रहा है। निजी विद्यालयों में लगने वाली भारी भरकम फीस को गरीब और कमजोर वर्ग चाह कर भी वहन नहीं कर पा रहा था। जिसके चलते वे मायूस होते थे लेकिन अब उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। अब महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (Mahatma Gandhi English Medium School) में हर बच्चे का अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्राप्त करना आसान हो गया है।
 
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा नवाचार
 
अशोक गहलोत की पहल पर राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा नवाचार किया है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की वर्ष 2019 में 150वीं जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) कक्षा एक से बाहरवीं तक स्थापित करने का निर्णय लिया गया। जिसमें सहशिक्षण की व्यवस्था की गई ताकि राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बालक बालिका वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। वैश्वीकरण के इस युग में अंग्रेजी का महत्व किसी से छुपा नहीं है । अंग्रेजी शिक्षा से व्यापार और रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं। योजना की शुरुआत जून, 2019 में की गई। राज्य के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर एक-एक महात्मा गांधी (अंग्रेजी माध्यम) विद्यालय की स्थापना करने का निर्णय लेकर प्रारंभ में 33 विद्यालय खोले गए। इन विद्यालयों के प्रति अभिभावकों और विद्यार्थियों के बढ़ते हुए रुझान को देखकर वर्ष 2020-21 में 172 ब्लॉक मुख्यालय पर विद्यालयों का संचालन किया गया। अंग्रेजी माध्यम के राजकीय विद्यालयों की बढ़ती लोकप्रियता के कारण राज्य सरकार द्वारा 5 हजार से अधिक आबादी वाले कस्बों और गांव में भी आगामी वर्ष में एक हजार अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है।
 
अध्यापकों की कमी होगी दूर
  
राजस्थान में महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए विभिन्न विषयों के 9 हजार 712 पदों पर शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी 2023 से प्रारंभ हो गयी है, जो कि प्रदेश में शिक्षा के स्तर को गुणवत्तापूर्ण बनाने में ठोस कदम साबित होगा तथा इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी। महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम विद्यालय छतरी वाली ढाणी, दौसा के प्रधानाचार्य गोविंद शरण बंसल ने बताया कि प्रारंभिक वर्ष 2020-21 में विद्यालय में 88 विद्यार्थी थे जो वर्ष 2022- 23 में बढ़कर 242 हो गए हैं। इस विद्यालय में अध्ययनरत ज्यादातर विद्यार्थी निजी विद्यालयों से आए हैं। इस विद्यालय में शैक्षिक, खेल और करिकुलर जैसी गतिविधियां के परिणाम स्वरूप तीन विद्यार्थियों ने इंस्पायर अवार्ड जीता है साथ ही एक विद्यार्थियों ने नेशनल मीन्स कम-मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) प्राप्त की है तथा इस विद्यालय के खिलाड़ियों ने 65 वीं जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है और 4 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। एक खिलाड़ी ने योगा ओलंपियाड व्यायाम में स्वर्ण पदक जीता है। इसी विद्यालय की अध्यापिका कोमल यदुवंशी का प्रयास रहता है कि विद्यालय के छात्र भी प्राइवेट विद्यालय के छात्रों से कंधे से कंधा मिलाकर चल सकें। उनके साथ प्रतिस्पर्धा कर सकें। उनका कहना है कि गणित के बच्चों को बुनियादी ज्ञान में वृद्धि के लिए हमेशा बच्चों को खेल, पेपर कटिंग, क्राफ्टिंग एवं पहेलियों के माध्यम से पढ़ाती हूं। जिससे छात्र अपने बेहतर भविष्य के लिए तैयार हो पाते हैं।