भूपाल नोबल्स संस्थान का खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान अतुलनीय : ठाकुर

उदयपुर संभाग के सबसे बड़े अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के इन्डोर स्टेडियम का शिलान्यास

Pratahkal    10-Jan-2023
Total Views |
 
Bhopal Nobles Institute
 
उदयपुर : केन्द्रीय खेल और युवा मामलात एवं सूचना व प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर (Anurag Singh Thakur) सोमवार को मेवाड़ (Mewar) दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बीएन यूनिवर्सिटी (Bhupal Noble's University) में महाराणा भूपाल नोबल्स इंडोर स्टेडियम तथा ठा. गुमान सिंह स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंचासीन अतिथि संस्थान के उपाध्यक्ष भगवान सिंह भाटी, संयुक्त मंत्री शक्ति सिंह कारोही, वित्त मंत्री प्रो. दरियाव सिंह आमदला, ओल्ड बॉयज एसोसिएशन अध्यक्ष प्रो एकलिंग सिंह झाला, जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (University of Rajasthan) के कुलपति कर्नल प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत थे।
 
विद्या प्रचारिणी सभा भूपाल नोबल्स संस्थान के स्थापना शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की शृंखला में हुए आयोजन में अनुराग ठाकुर ने भूपाल नोबल्स संस्था की ओर से शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि किसी भी संस्था के लिए 101वें वर्ष में प्रवेश करना बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने प्रशंसा करते हुए इ इसे संस्थान के कर्मठ कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। महाराणा भूपाल सिंहजी द्वारा देश के एकीकरण में उनके अविस्मरणीय योगदान का जिक्र करते हुए ठाकुर ने कहा कि नए भारत की बात संभव नहीं होती यदि महाराणा भूपाल सिंहजी की एकीकरण में प्रमुख भूमिका नहीं होती। उन्होंने कहा कि संस्था के खेल मैदान से अनेक प्रतिभाओं ने विश्व में देश का नाम रोशन किया है और मै संस्था के खेल क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव मदद करने का आश्वासन देता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का खेल के विकास के लिए विशेष आग्रह है और सरकार द्वारा खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। खेलो इंडिया का बजट भी बढ़ाया गया है। संस्थान के लिए सिंथेटिक ट्रेक व एस्ट्रो ट्रर्फ के लिए पूर्ण सहयोग किया जाएगा। उन्होंने संस्थान में जी-20 के तहत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया ताकि युवाओं को देश व विश्व के मुख्य मुद्दों पर विचार विमर्श करने का अवसर मिलेगा।
 
 
Bhopal Nobles Institute
 
अध्यक्षता करते हुए उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा (MP Arjunlal Meena, Udaipur) ने दक्षिणांचल की खेल प्रतिभाओं के बारे में उल्लेख करते हुए खेल क्षेत्र में विकास के लिए अनुरोध किया और आकाशवाणी केन्द्र उदयपुर के स्थानीय प्रसारण को नियमित करने का आग्रह किया। उन्होंने संस्थान में सांसद कोटे से स्पोट्र्स विकास के लिए 10 लाख रूपये देने की घोषणा की। इससे पूर्व अतिथियों ने महाराणा भूपाल सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और एनसीसी की तीनों विंग के कैडेटों द्वारा सलामी दी गई।
 
भूपाल नोबल्स संस्थान के मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह आगरिया ने संस्थान के ऐतिहासिक 100 वर्षों के विकास क्रम का उल्लेख करते हुए संस्थान की शिक्षा व खेल क्षेत्र की विशिष्ट प्रतिभाओं का विवरण प्रस्तुत किया और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से संस्थान को सिंथेटिक ट्रेक व हॉकी एस्ट्रो टर्फ की आवश्यकता बताते सहयोग की बात कही । नव उद्घाटित इन्डोर स्टेडियम के बारे में बताया कि उदयपुर संभाग का सबसे बड़ा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का इन्डोर स्टेडियम है। इसमें बॉस्केटबॉल, बैडमिन्टन, टेबल टेनिस, बॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, जिम्नास्टिक आदि खेल आयोजित किये जा सकते हैं। यहां रात्रि मैच खेले जाने की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके माध्यम से शहर की खेल प्रतिभाओं को खेलने के अवसर प्राप्त होंगे।
 
प्रबंध निदेशक मोहब्बत सिंह राठौड़ ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न प्रदान किया। धन्यवाद कार्यवाहक अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह पुरावत ने दिया।
 
मावली विधायक धर्मनारायण जोशी, कार्यकारिणी सदस्य, विद्या प्रचारिणी सभा, ओल्ड बॉयज ऐसोसिएशन कार्यकारिणी सदस्य, पूर्व छात्र, गजपाल सिंह राठौड़, चन्द्रपाल सिंह चौहान, रवीन्द्र श्रीमाली, गणमान्य अतिथिगण, संस्थान के विभिन्न इकाइयों के प्रधान, विश्वविद्यालय अधिकारीगण, व संकाय सदस्य विद्यार्थिगण आदि उपस्थित थे। गुमान सिंह स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता महेन्द्रपाल सिंह फचर के संयोजन में आयोजित की जा रही है ।
 
गहलोत सरकार में बढ़े अपराध : ठाकुर
 

Anurag Thakur 
 
उदयपुर : केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बीएन यूनिवर्सिटी में महाराणा भूपाल नोबल्स इंडोर स्टेडियम के लोकार्पण समारोह के दौरान गहलोत सरकार (Gehlot Government) को लचर कानून व्यवस्था को लेकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में लगातार अपराध (Crime) का ग्राफ दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। ठाकुर ने राहुल गांधी पर जमकर साधते हुए कहा कि कई बार उन्हें भी पता नहीं होता कि क्या बोल रहे हैं। पेपर लीक मामले (Paper Leak Case) पर भी गहलोत सरकार पर सवाल उठाए। भारत जोड़ो यात्रा (India Jodo Yatra) पर कहा कि भारत जोड़ने की बात तो छोड़िए, यह लोग कांग्रेस को भी नहीं जोड़ पाए हैं।