प्रतापगढ़: 77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर परेड आयोजित, कार्मिक सम्मानित
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में एसपी बी. आदित्य ने परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट सेवा के लिए 32 पुलिसकर्मियों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए।

प्रतापगढ़ रिजर्व पुलिस लाइन में 77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर फूलों से सजी खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण करते एसपी बी. आदित्य।
प्रतापगढ़। राजस्थान पुलिस के गौरवशाली 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन प्रतापगढ़ में 77वां राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पूरी गरिमा और भव्यता के साथ मनाया गया। 16 अप्रैल 1949 को स्थापित राजस्थान पुलिस के इस विशेष दिवस पर रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान शानदार सरमोनियल परेड का प्रदर्शन हुआ, जिसकी सलामी जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने ली। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा को सराहा गया और उन्हें सम्मानित किया गया, साथ ही पुलिस एवं प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करने वाले सीएलजी सदस्यों, ग्राम रक्षकों और सुरक्षा सखियों को भी उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
स्थापना दिवस की महत्ता को देखते हुए जिले के समस्त पुलिस थानों एवं चौकियों पर पौधारोपण और स्वच्छता अभियान जैसे रचनात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। मुख्य समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा, समस्त वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी और संचित निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन महेन्द्र सिंह पुनि सहित जिला पुलिस एवं महाराणा प्रताप बटालियन के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम के महत्व को और बढ़ा दिया। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने अपने संबोधन में समस्त बल को बधाई देते हुए राजस्थान पुलिस के मूल मंत्र “आमजन में विश्वास, अपराधियों में डर” को पूरी निष्ठा के साथ चरितार्थ करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान जिला पुलिस के 32 अधिकारियों व कर्मचारियों सहित महाराणा प्रताप बटालियन के 6 जवानों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सर्वोत्तम, अति उत्तम एवं उत्तम सेवा चिन्ह के साथ प्रशंसा पत्र भेंट किए गए। विभाग ने न केवल अपने कार्मिकों बल्कि उनके मेधावी बच्चों की उपलब्धियों को भी मंच पर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधिकारियों द्वारा परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त, जिले के विभिन्न थानों में स्कूली बच्चों के लिए विशेष भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, साइबर अपराध की चुनौतियों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। यह आयोजन न केवल पुलिस की उपलब्धियों का उत्सव रहा, बल्कि सामुदायिक पुलिसिंग के संकल्प को भी मजबूती प्रदान कर गया।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
