बारां। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित करने के उद्देश्य से विश्व संवाद केन्द्र चित्तौड़ प्रांत द्वारा आद्य संवाददाता देवर्षि नारद जयंती पत्रकार सम्मान 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मान के लिए पत्रकारों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं।

जिला प्रचार प्रमुख हेमन्त राठौर ने बताया कि यह सम्मान कार्यक्रम आद्य संवाददाता माने जाने वाले देवर्षि नारद की जयंती के उपलक्ष्य में प्रति वर्ष आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य सत्य, समाजहित और उत्तरदायी पत्रकारिता को प्रोत्साहित करना तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले पत्रकारों को सम्मानित करना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत पत्रकारिता के पांच विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी में एक पत्रकार को 21 हजार रुपये की सम्मान राशि, स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इन श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रिंट पत्रकार, उत्कृष्ट इलेक्ट्रॉनिक (टीवी) पत्रकार, उत्कृष्ट छायाकार (फोटो) पत्रकार, उत्कृष्ट स्तंभकार और उत्कृष्ट स्थानीय यूट्यूब न्यूज चैनल शामिल हैं।

चित्तौड़ प्रांत के अंतर्गत आने वाले जिलों के स्वयं पत्रकार या पत्रकार के लिए कोई प्रस्तावक आवेदन कर सकता है। विश्व संवाद केन्द्र चित्तौड़ प्रांत की इकाई में अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, कोटा, बूंदी, ब्यावर, प्रतापगढ़, सलूंबर, बारां एवं झालावाड़ जिले सम्मिलित हैं।

आवेदन ऑनलाइन प्रपत्र के माध्यम से अपनी प्रविष्टि प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन में विगत तीन वर्षों के कार्य, उपलब्धियां एवं संबंधित प्रमाण अथवा लिंक प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 25 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

इसके पश्चात प्राप्त आवेदनों में से चयनित पत्रकारों को 3 मई 2026 को उदयपुर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। समिति ने पत्रकारों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है, ताकि पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को मंच पर सम्मानित किया जा सके।

इस आयोजन के माध्यम से विश्व संवाद केंद्र समिति उदयपुर का उद्देश्य पत्रकारिता में सकारात्मक, निष्पक्ष और समाजोन्मुख कार्य करने वाले पत्रकारों को प्रोत्साहन देना है, जिससे पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता को और सुदृढ़ किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि यह आयोजन वर्ष 2022 तक उदयपुर में आयोजित होता रहा, जिसके पश्चात इसे प्रांत स्तर पर विस्तारित किया गया। वर्ष 2023 में अजमेर, 2024 में भीलवाड़ा तथा 2025 में कोटा में इसका सफल आयोजन किया गया। वर्ष 2026 में पुनः इसका आयोजन उदयपुर में किया जा रहा है, जो पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्टता को सम्मानित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story