प्रात:काल संवाददाता छोटीसादड़ी। नीमच मार्ग पर नहाते समय कुएं में गिरे युवक के शव को रात साढे 11 बजे काफी मशक्कत से शव को बाहर निकाला जा सका। नाराणी निवासी अमृत लाल (18) पुत्र रतन लाल कुमावत मलावदा व नाराणी गांव के बीच उसके खेत पर बने कुएं पर दो-तीन लोगों के साथ नहा रहा था। इस दौरान पांव फिसलने से वह कुएं में जा गिरा। युवक तैराक था। इस पर वहां मौजूद लोगों ने इस ओर ज्यादा गोर नहीं किया। लेकिन दस से पंद्रह मिनिट तक जब अमृत लाल कुएं से बाहर नहीं आया तो उन्हें शंका हुई। कुएं में तलाशने की कोशिश की गई, लेकिन पानी अधिक भरा होने से सफलता नहीं मिली। हादसे की ग्रामीणों को सूचना दी गई। देखते ही देखते घटना स्थल पर बड़ी संख्या में नाराणी सहित मलावदा, गोमाना, बागदरी, धामनिया, केसुंदा, गागरोल, गोठड़ा, सेमरड़ा, खेरमालिया, जलोदिया केलुखेड़ा के ग्रामीण जमा हो गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन दो-तीन पुलिसकर्मियों के आकर वापस चले जाने से लोगों में रोष बढ़ गया। बाद में लोगों ने प्रशासन को घटना की जानकारी दी। उपखंड अधिकारी रमेश चंद्र गुप्ता, नायब तहसीलदार सुंदर लाल बंबोड़ा, पुलिस उप अधीक्षक नरेंद्र सिंह शेखावत, सर्किल इंस्पेक्टर धर्मवीर जानू, बिजली विभाग के जेईएन, पीएसईडी के जेईएन, पटवारी कमलेश मेनारिया आदि ने मौके पर पहुंचकर गौताखोरों को बुलवाया। लेकिन कुएं में पानी का भराव अधिक होने से गौताखोर भी निराश हो गए। बाद में प्रशासन की मौजुदगी में कुएं पर बिजली की व्यवस्था कर करीब आठ मोटरे लगाकर पानी को बाहर निकालने का कार्य शुरू किया गया। रात करीब साढे 11 बजे पानी का स्तर काफी कम हो जाने पर नाराणी गांव के दो युवकों ने हिम्मत कर कुएं में उतरकर मृतक के शव को बाहर निकाला। इस कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में लोगों ने मौजुद रहकर सहयोग किया। इससे पहले देरी से पुलिस व प्रशासन के आने पर लोगों में गुस्सा भी फुट पड़ा। एकबारगी लोगों ने एक सरकारी जीप को उल्टा कर सड़क पर जाम लगाने का प्रयास भी किया। लेकिन प्रधान मनोहर लाल आंजना व प्रशासन की समझाईश पर लोग शांत हुए।
12 घंटे बाद कुएं से निकाला युवक का शव
Inline article positioning by Inline Module.


