कपासन। मकान में लगी खिड़की की जाली तोड़ अज्ञात नकाबपोश चड्डी बनियान गिरोह के छह व्यक्ति गृहस्वामी महिला की सोने की चेन, पांच हजार रूपये नकदी एवं दो मोबाईल फोन सहित एक मोटर साईकिल लेकर भाग निकले। कपासन नगर की उप नगरीय बस्ती मास्टर कॉलोनी निवासी अफरोज अहमद खान पुत्र अब्दुल सलीम खान ने प्राथमिकी अंकित कराई कि वो मकान के ऊ पर कमरे में सो रहा था। उसकी माता मकान के नीचे वाले कमरे में सो रही थी। लगभग छह नकाबपोश व्यक्ति चड्डी-बनियान पहिने हुए थे। उन्होंने मकान के बाहर लगी फाटक का कुन्दा तोड़कर मकान में प्रवेश किया तथा मकान में लगी खिड़की में से लोहे की जाली तोड़ अन्दर प्रवेश कर लिया। अज्ञात नकाबपोशधारी व्यक्तियों ने अफरोज अहमद के कमरे को बाहर से बन्द कर दिया तथा उसकी माता के गले में पहिन रखी सोने की चैन छीन ली। उसकी माता की नींद जाग जाने पर चिल्लाई परन्तु अफरोज अहमद के कमरे का दरवाजा बन्द होने से वह जल्दी बाहर नहीं आ सका। अज्ञात नकाबपोश मकान में पड़े पर्स में से ५ हजार रूपये नकदी, दो मोबाईल फोन सहित मकान में पड़ी बजाज मोटर साईकिल लेकर भाग निकले। इस बीच अफरोज अहमद के बाहर आने पर उसने अज्ञात चोरों का पीछा किया तो एक-दो व्यक्तियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की करते हुए पत्थर फैंके। अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग निकलने में वह सफल हो गए। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस उपअधीक्षक राजेश चौधरी, उपनिरीक्षक मोहनदास, लक्ष्मण लाल मय जाप्ता घटनास्थल पर पहुंचे तथा मौका मुआयना किया। पुलिस ने फरोज अहमद की प्रथम सूचना पर अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर दबीशें भी दी हैं। पुलिस अज्ञात नकाबपोशधारी व्यक्तियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
खिड़की की ग्रिल तोड़ मकान में चोरी
Inline article positioning by Inline Module.


