कपासन। टर्बो ट्रक में बड़ी मात्रा में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब एवं बीयर की तस्करी कर गुजरात ले जाने के आरोप में कपासन थाना पुलिस ने नाकाबन्दी के दौरान चालक सहित दो व्यक्तियों को पकडऩे में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने ट्रक से ८७० कार्टून अंग्रेजी शराब एवं बीयर के जप्त किये हैं। जप्त शराब एवं बीयर का बाजार मूल्य ३५ लाख रूपया बताया जा रहा है।
पुलिस उप अधीक्षक अमरसिंह लोधा के अनुसार पुलिस निरीक्षक लाभूराम चौधरी को रविवार तड़के मुखबीर से सूचना मिली कि एक टर्बो ट्रक जिसमें अवैध शराब भरी हुई है जो हरियाणा की तरफ से आ रही है तथा गुजरात की तरफ कपासन मार्ग की तरफ से जाएगी। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक चौधरी, मुख्य आरक्षी (अपराध) लक्ष्मणसिंह, आरक्षी संजयकुमार, सुभाषचन्द्र, सुन्दरपाल तथा वाहनचालक युवराज सिंह ने मय जाप्ता उदयपुर-चित्तौडग़ढ़$ राज्य मार्ग संख्या ९ पर सिंहपुर-कांकरिया मार्ग स्थित टोल नाका के पास नाकाबन्दी की। इस बीच रविवार प्रात: सात बजे चित्तौडग़ढ़ मार्ग की तरफ से एक टर्बो ट्रक आया। उसके चालक ने ट्रक को कुछ दूरी पर रोक लिया तथा ट्रक चालक तथा एक अन्य व्यक्ति भागने लगे, जिसको पुलिस जाप्ता ने घेरा डाल पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की तो ट्रक में प्लास्टिक के सीमेन्ट के खाली बारदान होना बताया तथा अर्जुन धर्मकांटा के पास अहमदाबाद (गुजरात) के शीतल इन्टरप्राइजेज के नाम से बीजक होना बताया। पुलिस जाप्ता ने संदेह के आधार पर ट्रक की तलाशी ली तो प्लास्टिक के सीमेन्ट के खाली बारदानों के नीचे हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब तथा बीयर के कार्टून मिले।
पुलिस ने शराब एवं बीयर को परिवहन करने के सम्बन्ध में अनुज्ञा पत्र या लाइसेंस होने के बारे में चालक से पूछताछ की तो नहीं होना प्रकट किया।
पुलिस जाप्ता ने ट्रक की तलाशी ली जहां २२० कार्टून रायल स्ट्रेप, ६० कार्टून पार्टी स्पेशल, ७२ कार्टून (पव्वे के) पार्टी स्पेशल, ५५ कार्टून एरीस्टोक्रेट, १४५ कार्टून ग्रीन लेबल, २७ कार्टून डीएसपी, ११ कार्टून जीण तथा २८० कार्टून हेवर्स (५०००) बीयर के मिले। जप्त अंग्रेजी शराब एवं बीयर का बाजार मूल्य ३५ लाख रूपये बताया जा रहा है।
पुलिस ने ट्रक के चालक उदयपुर जिला के डबोक थानान्तर्गत मन्देसर निवासी नारूलाल डांगी पुत्र चोखा (३५) तथा द्वितीय चालक उदयपुर जिला के डबोक थानान्तर्गत आवलियों का कुआं निवासी दलीचन्द डांगी पुत्र सीताराम को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारम्भिक पूछताछ में उक्त शराब गुडगांव (हरियाणा) से भरकर अहमदाबाद ले जाना प्रकट किया गया।


