घुटने की सर्जरी के कारण टेनिस कोर्ट से दूर चल रहीं देश की नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ताजा डब्लूटीए रैंकिंग में दो स्थान के सुधार के साथ 86वें स्थान पर पहुंच गई हैं। हालांकि उन्हें डबल्स में एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह 12वें स्थान पर आ गई हैं। सिंगल्स में सानिया की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 27वीं है जो उन्होंने जुलाई 2007 में हासिल की थी।
जोकोविच ने अपना पहला स्थान बरकरार रखा
पुरुषों में देश के नंबर एक खिलाड़ी सोमदेव देववर्मन की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं आया है और वह 84वें स्थान पर बने हुए हैं। डबल्स में महेश भूपति को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि लिएंडर पेस आठवें स्थान पर बरकरार हैं। पेस और भूपति को शंघाई ओपन के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। रविवार को शंघाई मास्टर्स जीतने वाले ब्रिटेन के शीर्ष खिलाड़ी एंडी मरे 16 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन रोजर फेडरर को पछाड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि नोवाक जोकोविच ने अपना पहला स्थान बरकरार रखा है।
Inline article positioning by Inline Module.


