PRATAHKAL GROUP:4 STATE -7 EDITIONS: RAJ.-MAHARASHTRA-DELHI-GUJRAT  PRATAHKAL-UDAIPUR - JAIPUR - MUMBAI - DELHI - JODHPUR-AAJ KA SAYANKAL  DIVYA PRATAHKAL:SURAT

Back खेल-जगत टेनिस शारापोवा,एजारेंका एकल के फाइनल में

शारापोवा,एजारेंका एकल के फाइनल में

  • PDF
  • Prev
  • 1 of 2
  • Next

रूस की मारिया शारापोवा, बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन के महिला एकल के फाइनल में पहुंच गई हैं.

पुरुष युगल में भारत के लिएंडर पेस अपने जोड़ीदार राडेक स्टेपानेक के साथ फाइनल में पहुंचने में सफल रहे हैं. विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त शारापोवा ने गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में चेक गणराज्य की पेट्रा क्वितोवा को 6-2, 3-6, 6-4 से पराजित किया. वर्ष 2008 में खिताब जीतने वाली शारापोवा तीसरा बार फाइनल में पहुंची हैं. 2007 में वह उपविजेता रही थीं.

दूसरी ओर, तीसरी वरीयता प्राप्त एजारेंका ने मौजूदा चैम्पियन बेल्जियम की किम क्लाइस्टर्स को 6-4, 1-6, 6-3 से हराया. एजारेंका पहली बार आस्ट्रेलियन ओपन या फिर किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंची हैं. मेलबर्न पार्क में वह 2010 में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं.

क्लाइस्टर्स के लिए खिताब बचाना मुश्किल रहा. वर्ष 2009 और 2010 में अमेरिकी ओपन खिताब जीतने वाली इस स्टार खिलाड़ी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 2011 में आस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता था.



पेस और चेक गणराज्य के स्टेपानेक की जोड़ी भी फाइनल में पहुंच गई है. पेस और स्टेपानेक की गैरवरीयता प्राप्त जोड़ी ने सेमीफाइनल में बेलारूस के मैक्स मिर्नी और कनाडा के डेनियल नेस्टर की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 2-6, 6-4, 6-4 से हराया.

फाइनल में पेस और स्टेपानेक की भिड़ंत विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त युगल जोड़ी अमेरिका के ब्रायन बंधुओं से होगी. बॉब और माइक ब्रायन ने दूसरे सेमीफाइनल में स्वीडन के रॉबर्ट लिंड्सटेड और रूमानिया के होना टेकाउ की जोड़ी को 4-6, 6-3, 7-6 से हराया.

बालिका वर्ग में भारत की रुतुजा भोसले और इंडोनेशिया की अल्दिला सुत्जियादी की जोड़ी युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबले में हार गई है.

भोसले और सुत्जियादी की जोड़ी को सेमीफाइनल मुकाबले में अमेरिकी गेब्रिएले एंड्रयूज और टेलर टाउंसेंड ने 6-3, 6-1 से हराया.

भोसले और सुत्जियादी ने बुधवार को रोमानिया की इरिना मारिया बारा और लातविया की जेलेना ओसटापेंको की जोड़ी को 5-7, 6-1, 10-7 से हराया था.

फाइनल में गेब्रिएले एंड्रयूज और टेलर टाउंसेंड का सामना रूस की इरिना क्रोमाचेवा और मोंटेनेग्रो की डांका कोविनिक के साथ होगा. इरिना और कोविनिक ने सेमीफाइनल में रूमानिया की इलिका सोरेगी और रूस की इलिजावेता कुलिचेंको को 6-3, 6-4 से हराया.

Inline article positioning by Inline Module.