मुंबई। क्राइम रिपोर्टर जे डे हत्याकाड में पत्रकार जिग्ना वोरा के खिलाफ मंगलवार को अपराध शाखा ने पूरक आरोपपत्र दाखिल कर दिया। अंग्रेजी दैनिक से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार ज्योतिर्मय डे की पिछले वर्ष जून में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गिरफ्तार महिला पत्रकार जिग्ना वोरा को गिरफ्तार किया गया था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शाखा देवेंद्र भारती ने बताया जिग्ना के खिलाफ मामला बनाने के लिए हमने पर्याप्त तथ्य जुटाएं हैं।
ज्ञात हो कि जिग्ना मुंबई के एक दैनिक के लिए उप ब्यूरो प्रमुख के तौर पर कार्यरत थी। उसे ''मिड-डेÓÓ के संपादक जे.डे की पिछले वर्ष 11 जून को हुई हत्या के सिलसिले में गत 25 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। मुंबई पुलिस ने पिछले वर्ष दिसंबर में इस मामले से जुड़े 12 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। जिग्ना वोरा का नाम शामिल नहीं था।
महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून की विशेष अदालत में दाखिल 3,055 पृष्ठों के आरोपपत्र में डे की हत्या में शामिल 10 लोगों की भूमिका का विस्तृत ब्योरा दिया गया था। आरोपपत्र में भगोड़ा डॉन छोटा राजन के नाम भी दर्ज है। पुलिस हालांकि उल्लेख किया है कि राजन तथा एक अन्य आरोपी नयन सिंह का अभी तक सुराग नहीं लगा है। पुलिस के अनुसार जिग्ना ने कथित तौर पर डे का मोबाइल नंबर और उनके आवास का पता राजन को मुहैया कराया था।


