नई दिल्ली। यूनान को बेलआउट पैकेज मिलने से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं को मिले तगड़े समर्थन के बीच आज दिल्ली सर्राफा बाजार में भी सोना १५० रूपये प्रति दस ग्राम और चांदी ६०० रूपये प्रति किलो चढ़ गयी।
स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना २८३९० रूपये प्रति दस ग्राम के भाव पर दर्ज किया गया जबकि चांदी ५६६०० रूपये प्रति किलो के भाव पर पहुंच गयी। सोने और चांदी के भाव अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इनके दामों में आई तेजी से प्रभावित रहे। यूनान के लिए १३० अरब यूरो के बेलआउट पैकेज को यूरो जोन की बैठक में मंजूरी मिलने से गत दो सप्ताह से जारी अनिश्चितता दूर हुई और इससे डालर के मुकाबले यूरो को मजबूती मिली। दरअसल यूनान के पास कर्ज अदायगी के लिए धन की व्यवस्था हो जाने से निवेशकों को मांग चढऩे की उम्मीद दिख रही है। इधर दिल्ली सर्राफा बाजार में भी तगड़े विदेशी संकेतों के कारण दोनों कीमती धातुओं में तेजी का रूख देखने को मिला। हालांकि स्थानीय स्तर पर ग्राहकी का अभाव है फिर भी बाजार बाहरी कारकों से तेजी पकड़े रहा।
कारोबार के अंत में सोना २८३९० रूपये प्रति दस ग्राम के भाव पर दर्ज किया गया जबकि पिछले कारोबारी दिवस यह २८२४० रूपये प्रति दस ग्राम पर रहा था। हालांकि सोने की गिन्नी २३४०० रूपये प्रति इकाई के पिछले भाव पर ही टिकी रही। चांदी ६०० रूपये प्रति किलो की बढ़त के साथ ५६६०० रूपये प्रति किलो पर पहुंच गयी जबकि पिछले कारोबारी दिवस पर यह ५६३७० रूपये प्रति किलो पर दर्ज की गयी थी।
चांदी सिक्के की लिवाली और बिकवाली के भाव भी १०००-१००० रूपये बढ़कर ६८०००-६९००० पर पहुंच गये। कारोबारियों का कहना है कि घरेलू स्तर पर ग्राहकी बेहद कम होने से कीमती धातुओं के भाव पर अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का सीधा असर पड़ रहा है। इसके अलावा डालर के मुकाबले रूपये की कीमत में जारी उतार-चढ़ाव से भी कीमती धातुओं के दाम प्रभावित हो रहे हैं।
Inline article positioning by Inline Module.


