नई दिल्ली। खस्ताहाली से गुजर रही सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी एयर इंडिया की समस्याएं समाप्त होने का नाम नहीं ले रही हैं। निर्धारित अवधि के भीतर भुगतान नहीं होने पर तेल कंपनियों ने गुरूवार को अचानक एयर इंडिया को ईंधन आपूर्ति रोक दी। एयर इंडिया तेल कंपनियों को ईंधन आपूर्ति के 90 दिन की तय अवधि में भुगतान करने में असफल रही है। हालांकि एयर इंडिया ने कहा है कि उसने 180 करोड़ रूपये का भुगतान कर दिया है और कल तक वह 40 करोड़ रूपये का और भुगतान कर देगी। नागरिक उड्डयन सचिव नसीम जैदी ने बताया कि मैंने पेट्रोलियम सचिव से बात की है, उनसे ईंधन आपूर्ति बाधित नहीं करने का आग्रह किया है और उन्होंने मुझे आश्वस्त किया। सार्वजनिक क्षेत्र की तीनों तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम तीनों ने एयर इंडिया को आज जेट ईंधन की आपूर्ति बंद कर दी। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, त्रिवेंद्रम और कोच्चि में आज शाम चार बजे से एटीएफ आपूर्ति बंद कर दी। जैदी ने बताया कि नकदी की तंगी से जूझ रही एयर इंडिया ने 180 करोड़ रूपये का भुगतान कर दिया है और 40 करोड़ रूपये कल जारी कर दिये जायेंगे। उधर एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों ने दावा किया है कि एयरलाइन के उपर भुगतान की तय अवधि के दौरान 260 करोड़ रूपये की देनदारी बनती है और हम तय अवधि की ऋण सीमा के भीतर हैं।
एयर इंडिया को ईंधन आपूर्ति रोकी
Inline article positioning by Inline Module.


