नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों ने विमान ईंधन [एटीएफ] के दामों में 3.02 प्रतिशत की कटौती की है। इस कमी के बाद राष्ट्रीय राजधानी में एटीएफ के दाम 62 हजार 908 रुपये प्रति किलोलीटर हो गए हैं। नई कीमतें मंगलवार मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये में सुधार के कारण यह कमी संभव हो सकी।
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के इस कदम से घाटे की शिकार एयरलाइनों को कुछ राहत मिलेगी। तीनों पेट्रोलियम कंपनियां कच्चे तेल [क्रूड] के अंतरराष्ट्रीय मूल्यों के हिसाब से हर पखवाड़े विमान ईंधन के दामों की समीक्षा करती हैं। अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपये के सुधरने से एटीएफ का आयात सस्ता हुआ।
16 जनवरी को एटीएफ के दामों में 2.9 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। तब से अब तक रुपये की कीमत 52 रुपये प्रति डॉलर से सुधरकर 49.47 रुपये प्रति डॉलर हो गई है। एविएशन कंपनियों की कुल लागत में विमान ईंधन खर्चो की करीब 40 फीसदी हिस्सेदारी होती है।
Inline article positioning by Inline Module.


